ENTERTAINMENT

हृदयम की हिंदी रीमेक में इब्राहिम अली खान को लॉन्च करेंगे करण जौहर?

हाल में मशहूर फिल्म निर्माता करण जौहर ने मलयालम फिल्म हृदयम की हिंदी रीमेक बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर करते हुए दर्शकों को सरप्राइज दिया था। यह एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म होगी। अब चर्चाओं का बाजार गर्म है कि करण इस फिल्म से दिग्गज अभिनेता सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान को बॉलीवुड में लॉन्च करेंगे। धर्मा प्रोडक्शंस और स्टार स्टूडियोज मिलकर फिल्म का निर्माण करेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, करण सैफ और अमृता सिंह के बड़े बेटे इब्राहिम को हृदयम की हिंदी रीमेक में लॉन्च करने वाले हैं। एक करीबी सूत्र ने कहा, इब्राहिम की लॉन्चिंग के लिए यह सबसे अच्छा प्रोजेक्ट है। पिछले कुछ समय से करण इब्राहिम के लिए एक उपयुक्त लॉन्चिंग वाली फिल्म की तलाश में हैं। विवाह और पितृत्व में परिपक्व होने वाले एक तेजतर्रार छात्र के हृदयम का कैरेक्टर इब्राहिम के लिए बिल्कुल सही है।
रिपोर्ट की मानें तो करण इब्राहिम की बहन और अभिनेत्री सारा अली खान को भी लॉन्च करने वाले थे। बताया जाता है कि प्रोजेक्ट में देरी होने के कारण वह सारा को लॉन्च नहीं कर पाए। इसके बाद अभिषेक कपूर ने अपनी फिल्म केदारनाथ के जरिए सारा को बॉलीवुड में लॉन्च किया। यह फिल्म 2018 में दर्शकों के बीच आई थी और सारा की पहली ही फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी।
करण को फिल्म इंडस्ट्री में स्टारकिड्स को लॉन्च करने के लिए जाना जाता है। वह फिल्म बेधडक़ के जरिए संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर को बॉलीवुड में लॉन्च करने जा रहे हैं। उन्होंने आलिया भट्ट को स्टूडेंट ऑफ द ईयर से बॉलीवुड में डेब्यू करवाया था। वरुण धवन ने भी इसी फिल्म से बॉलीवुड में अपना आगाज किया था। बोनी कपूर और श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर ने करण की धडक़ से इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत की थी।
मलयालम फिल्म हृदयम की कहानी विनीथ श्रीनिवासन ने लिखी थी और श्रीनिवासन ही इसके निर्देशक थे। फिल्म का निर्माण विशाख सुब्रमण्यम की निर्माण कंपनी मेरीलैंड सिनेमाज ने किया था। फिल्म में सुपरस्टार मोहनलाल के बेटे प्रणव मोहनलाल, कल्याणी प्रियदर्शन और दर्शन राजेंद्रन जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे। इसी साल आई इस रोमांस ड्रामा फिल्म ने दुनियाभर में 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। फिल्म को ना सिर्फ दर्शकों, बल्कि समीक्षकों से भी सराहना मिली थी।
इब्राहिम करण की रॉकी और रानी की प्रेम कहानी से जुड़े हैं। सैफ ने इंटरव्यू में कहा था, इब्राहिम अपने पहले प्रोजेक्ट पर करण के साथ काम कर रहे हैं। वह करण को उनकी रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में असिस्ट कर रहे हैं।