ऋषिकेश-हरिद्वार हाईवे पर आज नहीं चलेंगे भारी वाहन
ऋषिकेश
गंगा दशहरा पर्व, निर्जला एकादशी और वीकेंड पर जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। गंगा दशहरा के मौके पर गुरुवार को ऋषिकेश-हरिद्वार हाईवे पर भारी वाहन नहीं चलेंगे। तड़के चार बजे के बाद भारी वाहन रायवाला के नेपालीफार्म के पास रोक लिये जायेंगे। शहर के अंदर हल्के वाहनों के लिये भी रूट निर्धारित किये गये हैं। गंगा दशहरे पर गुरुवार को स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की उम्मीद है। कोरोना की वजह से बीते साल गंगा दशहरा पर्व पर श्रद्धालु स्नान नहीं कर पाए थे। ऐसे में इस बार हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा स्नान को लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेगे। लिहाजा प्रशासन ने गंगा दशहरा स्नान पर्व को देखते हुए भारी वाहनों के लिए गुरुवार तड़के चार बजे के बाद आवाजाही पर रोक लगा दी है। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया की गंगा दशहरा पर्व को लेकर पुलिस की ओर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हरिद्वार की तरफ से ऋषिकेश आने वाले भारी वाहनों को नेपाली फार्म पर रोका जायेगा। यहां पर वाहनों को हाईवे के किनारे या फिर खाली स्थान पर खड़ा करवाया जायेगा। यात्री वाहनों की भीड़ कम होने पर भारी वाहनों की आवाजाही चालू कर दी जायेगी।
