UTTARAKHAND

श्रीनगर बेस अस्पताल में पीने के पानी का संकट

श्रीनगर गढ़वाल

गर्मियों के मौसम में बेस अस्पताल में पानी की सुचारू आपूर्ति ना होने से मरीजों के साथ ही अस्पताल प्रशासन को बिना पानी के भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। इसके लिए बेस चिकित्सालय प्रशासन ने जल संस्थान को पत्र भेजकर अस्पताल में पानी की सुमचित आपूर्ति किये जाने की अपील की है। बेस अस्पताल में हर रोज लगभग दो लाख लीटर से अधिक पानी की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में गर्मियों में कम मात्रा में पानी की आपूर्ति हो तो यहां पानी की दिक्कतों से गुरजना पड़ता है।
बेस अस्पताल में प्रतिदिन गायनी, सर्जरी, ईएनटी, आर्थोपेडिक सहित अन्य विभागों में ऑपरेशन होते हैं, ऐसे में ओटी में पानी की सख्त आवश्यकता होती है, किंतु विगत कई दिनों से पानी की अनियमित आपूर्ति होने के कारण ऑपरेशन के कार्यो में भी दिक्कतें होती हैं। इसके साथ ही बेस अस्पताल के आठ से अधिक विभागों के वार्डों में भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों को वार्डों में पानी ना आने के कारण दिक्कतें उठानी पड़ती है। जिससे सफाई व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। इसके साथ ही बेस अस्पताल की आवासीय कॉलोनी में पानी की दिक्कतें शुरु हो गयी है।
अस्पताल के एमएस डॉ. केपी सिंह ने इस संदर्भ में जल संस्थान को पत्र प्रेषित कर आवश्यक सेवाओं को देखते हुए अस्पताल में नियमित पानी की आपूर्ति सुचारू करने की अपील की है। इधर जल संस्थान के अवर अभियंता विनोद भट्ट ने बताया कि बेस अस्पताल में पानी की अव्यवस्था की शिकायत मिलने पर उसे ठीक कर दिया है। पंप में वॉल संबंधित दिक्कत थी, जिस कारण पानी सुचारू नहीं जा पा रहा है। शुक्रवार को वॉल ठीक करने के बाद पानी की व्यवस्था सुचारू कर दी गई। लगभग पांच से छह घंटे पानी की आपूर्ति अस्पताल के लिए की जाती है।