दूसरा टेस्ट रोमांचक मोड़ पर
नाटिंघम
इंग्लैंड ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन पांच विकेट पर 473 रन से आगे खेलते हुए अपनी पहली पारी में 539 रन बनाये। न्यूज़ीलैंड ने अपनी पहली पारी में 553 रन बनाये थे और उसे 14 रन की बढ़त मिली। न्यूज़ीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में स्टंप्स तक सात विकेट खोकर 224 रन बना लिए हैं और वह 238 रन से आगे है।
मैच में एक दिन का खेल शेष रहते दोनों टीमों के पास जीतने का मौका है। इंग्लैंड का पलड़ा कुछ भारी नजर आता है। उसे मेहमान टीम के शेष तीन विकेट जल्दी निकालने हैं और फिर मैच जीतने का प्रयास करना है।
जो रुट 163 रन से आगे खेलते हुए 176 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 26 चौके और एक छक्का लगाया। न्यूज़ीलैंड की तरफ से ट्रेंट बोल्ट ने 106 रन देकर पांच विकेट झटके जबकि माइकल ब्रेसवेल को 62 रन पर तीन विकेट मिले।
न्यूज़ीलैंड की दूसरी पारी में विल यांग ने 56 और डेवोन कॉन्वे ने 52 रन बनाये। स्टंप्स के समय डैरिल मिचेल 32 और मैट हेनरी आठ रन बनाकर क्रीज पर थे। इंग्लैंड की तरफ से मैथ्यू पॉट्स ने 32 रन पर दो विकेट लिए।
