पौड़ी में केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों का प्रदर्शन
पौड़ी
जिला कांग्रेस कमेटी ने पौड़ी में शुक्रवार को सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध और द्वेष भावनाओं से ग्रसित होकर केंद्र सरकार विपक्ष के नेताओं का उत्पीड़न कर रही है जो कि उचित नहीं है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर ईडी की कार्रवाई को इसी का द्योतक बताया और प्रदर्शन कर डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भी ज्ञापन भेजा।
शुक्रवार को पार्टी जिलाध्यक्ष विनोद नेगी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की और सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने जैसे कदम उठाएं जाने का आरोप जड़ा। जिलाध्यक्ष विनोद नेगी और अन्य पदाधिकारियों ने नेशनल हेराल्ड का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक दल द्वारा ऋण देना देश में मनाई नहीं है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं पर ईडी की कार्रवाई को केंद्र के इशारे पर हुई कार्रवाई करार दिया और इसे उत्पीड़न कहा। ज्ञापन में पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को इस मामले में हस्तक्षेप करने की गुहार लगाते हुए केंद्र सरकार को दिशा-निर्देश देने को भी कहा। प्रदर्शन करने वालों में महिला जिलाध्यक्ष नीलम रावत, पूर्व एमएलसी पीपी चौहान, नवल किशोर, गोदाम्बरी अनिल कुमार, पदमेंद्र बिष्ट, कांति देवी, शीला, युद्धवीर सिंह रावत, कुलदीप सिंह, आशीष नेगी, मोहित सिंह, कमला रावत, पिंकी पंवार आदि शामिल रहे।
