निर्धारित समय में कार्य पूरा करें अधिकारी: डीएम
चम्पावत
डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने अधिकारियों को समय से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आजादी से अंत्योदय योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि लाभार्थी को योजना का लाभ निर्धारित वक्त में दिया जाना है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने को कहा। शुक्रवार देर सायं डीएम ने योजना की वर्चुअली समीक्षा की। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों को मिशन मोड के तहत कार्य करने को कहा। उन्होंने दिव्यांगों के यूडीआईडी कार्ड की समीक्षा की। बताया गया कि 4450 लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 3246 दिव्यांगों का पंजीकरण कर लिया गया है। डीएम ने एक माह में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। पीएम मातृ वंदना योजना में 7964 लक्ष्य के सापेक्ष 6932 पूर्ण कर लिया गया है। आरसेटी ने 25 में से 23 प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए हैं। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत 648 समूह बनाए गए हैं। डीएम ने पीएम किसान सम्मान निधि के सत्यापन का कार्य ब्लॉक स्तरीय टीम गठित कर पूर्ण करने के निर्देश दिए। हर घर दस्तक कोविड वैक्सीनेशन कार्य समय से पूरा करने को कहा। पीएम श्रमयोगी मानधन योजना के तहत मजदूरों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए। बैठक में जीवन ज्योति बीमा, सुरक्षा बीमा, कौशल विकास, पीएम आवास योजना आदि की भी समीक्षा की। इस दौरान सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, डीडीओ संतोष पंत, एपीडी विम्मी जोशी, एलबीओ प्रवीण सिंह गब्र्याल आदि मौजूद रहे।
