खटीमा में पावर हाउस निर्माण कराए जाने की मांग
रुद्रपुर
खटीमा में विद्युत कटौती से परेशान किसानों, आम नागरिकों, व्यापारियों की समस्या को देखते हुए विधायक नानकमत्ता गोपाल सिंह राणा ने नगरा तराई में आधुनिक तकनीक से पावर हाउस निर्माण कराए जाने की मांग की। विधायक राणा ने कहा कि नगरा तराई जो कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गांव है। इस जगह टेलफाल में पावर हाउस बनाया जा सकता है। इससे खटीमा ही नहीं आसपास के क्षेत्र में बिजली की समस्या से निजात मिल सकेगी। नानकमत्ता विधायक राणा ने कहा कि खटीमा में बिजली कटौती से किसान सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही छोटे-छोटे उद्योग और व्यवसाय करने वाले व्यापारियों का काम चौपट हो गया है। खटीमा में विद्युत उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। लोहियाहेड पावर हाउस की क्षमता पुरानी तकनीक होने के कारण बेहद कम है। अगर टेलफाल में जहां पर पानी ऊंचाई से गिरता है। यहां पर पॉवर हाउस का निर्माण किया जाए तो खटीमा और आसपास के क्षेत्र में बिजली की कमी को दूर किया जा सकता है। इसके अलावा राणा ने नगर पालिका में कर्मचारियों की कमी और सहकारी समितियों में खाद की कमी का मामला उठाया। राणा ने कहा कि नगर पालिका में 2011 की आबादी के हिसाब से कर्मचारी हैं। आज जरुरत 200 पर्यावरण मित्रों की है, लेकिन नगर पालिका में 117 पर्यावरण मित्र ही काम कर रहे हैं। विधायक राणा ने कहा कि पावर हाउस से खटीमा के विकास को नई गति मिलेगी।
