निर्माण कार्य की सुस्त गति से ग्रामीणों में रोष
विकासनगर
लोरली रिखाड़ मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से सम्बंधित ग्रामीण परेशान हैं। निर्माण कार्य की सुस्त गति से ग्रामीणों ने लोनिवि के खिलाफ रोष है। उन्होंने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर जल्द मार्ग निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। प्रेषित पत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2019 में मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। लेकिन, सुस्त गति के चलते दो वर्ष का समय गुजर जाने के बावजूद, मार्ग निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। मार्ग पर जगह-जगह निर्माण सामग्री पड़ी हुई है। जिससे मार्ग पर सफर जोखिमभरा साबित हो रहा है। उन्होंने ईई का ध्यान समस्या की ओर खींचते हुए जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। पत्र भेजने वालों में चंदन सिंह, शूरवीर सिंह, गोपाल आदि शामिल रहे।

