लोस चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं कार्यकर्ता: पुंडीरx
विकासनगर
भारतीय जनता पार्टी विकासनगर ग्रामीण मंडल और सहसपुर मंडल की कार्यसमिति की बैठक बुधवार को संपन्न हुई। बैठक में पार्टी संगठन की ओर से संचालित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इसके साथ ही सरकार और संगठन के बीच सामंजस्य स्थापित करने पर जोर दिया गया। होरावाला में सहसपुर मंडल की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने मंडल कार्यसमिति के महत्व की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर के कार्यकर्ता जिला संगठन के माध्यम से अपनी बात पार्टी संगठन और सरकार के समक्ष रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव के जीत की खुमारी से बाहर निकल कर अब लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाना चाहिए। प्रदेश सरकार के सौ दिन पूरे होने पर रुद्रपुर में गोष्ठी आयोजित की जाएगी। कार्यकर्ताओं को भी प्रदेश सरकार के सौ दिनों की उपलब्धि को आम जनता के बीच में जाकर बताना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल में कोविड संक्रमण के बावजूद विकास की गति को प्रभावित नहीं होने दिया। कोविड संक्रमण काल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर जरूरतमंदों की मदद की। केंद्र सरकार ने भी करीब अस्सी करोड़ लोगों को निशुल्क भोजन मुहैया कराया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार के होने के कारण कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। कार्यकर्ताओं को बिना भेदभाव के जनता की समस्याओं को पार्टी संगठन और सरकार तक पहुंचाना होगा। दूसरी ओर विकासनगर ग्रामीण मंडल की बैठक बरोटीवाला स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में हुई। जिला महामंत्री अरुण मित्तल ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी संगठन और प्रदेश सरकार के बीच की कड़ी हैं। कार्यकर्ताओं के माध्यम से सरकार तक जनता की समस्याएं पहुंचती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने की सलाह दी।

