ऑनलाइन कारोबार करने वाली कंपनियों के कारोबार में आएगा उछाल
नोएडा,
ई-कॉमर्स के कारोबारियों के कारोबार में तेजी से उछाल आएगा। वित्त मंत्रालय ने जीएसटी परिषद की बैठक में 40 लाख रुपये के तक कारोबार करने वाले सूक्ष्य व मध्यम वर्ग के कारोबारियों को अनिवार्य पंजीकरण से छूट दी है। इससे ऑनलाइन कारोबार करने वाले उद्यमियों की कारोबार में उछाल के साथ ही नए व युवा उद्यमी भी ई-कॉमर्स के माध्यम से कारोबार शुरू कर सकेंगे।
कपड़ों के विभिन्न परिधानों का ई-कॉमर्स के माध्यम से कारोबार करने वाले अंकूर गोयल ने बताया कि जीएसटी में पंजीकरण समेत अन्य नियमों का पालन करने की वजह से कारोबार नहीं हो पा रहा था। समझ में नहीं आ रहा था कि ऑनलाइन कारोबार करें या कानूनी औपचारिकताएं पूरी करें। ई-कॉमर्स के सेक्टर में छोटे स्तर पर कारोबार करने वाले कारोबारियों के लिए अनिवार्य पंजीकरण छूट का निर्णय सरकार का अच्छा निर्णय है। ई-कॉमर्स के सेक्टर में कारोबार शुरू करने वाले उद्यमियों को काफी राहत मिलेगी।
उद्यमी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि शहर में करीब दो हजार लोग ई-कॉमर्स के माध्यम से कारोबार कर रहे हैं। इनका सालाना पांच सौ करोड़ रुपये का कारोबार हो रहा है। पंजीकरण से छूट के बाद बड़ी संख्या में ई-कॉमर्स के सेक्टर में तेजी से लोग कारोबार शुरू कर सकेंगे। इसमें ई-कॉमर्स में कारोबार शुरू करने की तैयार कर रहे छोटे कारोबारियों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि 40 लाख रुपये सालाना कारोबार करने वाले लोग ही छूट का लाभ उठा सकेंगे। ई-कॉमर्स के सेक्टर में 40 लाख रुपये से अधिक का कारोबार करने वाले कारोबारियों को पंजीकरण कराना होगा और पंजीकरण के सभी नियमों का पालन करना होगा।

