हॉरर फिल्मों से चर्चा में आए रामसे ब्रदर्स पर वेब सीरीज बनाएंगे अजय देवगन
अजय देवगन एक अभिनेता के अलावा प्रोड्यूसर के तौर पर भी जाने जाते हैं। 2019 में उन्होंने घोषणा की थी कि वह द रामसे ब्रदर्स नामक एक बायोपिक पर काम कर रहे हैं। दरअसल, रामसे ब्रदर्स को भारत में हॉरर फिल्मों के लिए जाना जाता है। अजय और निर्माता प्रीति सिन्हा ने रामसे ब्रदर्स की कहानी के राइट्स हासिल किए थे। अब सुनने में आ रहा है कि अजय रामसे ब्रदर्स पर बायोपिक फिल्म नहीं, बल्कि एक वेब सीरीज बनाएंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, अजय रामसे ब्रदर्स पर एक वेब सीरीज बनाने की तैयारी में हैं। इस सीरीज में यह दिखाया जाएगा कि इन सात रामसे ब्रदर्स ने मिलकर कैसे हॉरर फिल्मों का साम्राज्य खड़ा किया। कहा जा रहा है कि अजय ने फिल्म बनाने का आइडिया बीच मझदार में छोड़ दिया। यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि मेकर्स को लगा कि दो घंटे से अधिक की फिल्म रामसे परिवार की कहानी के साथ न्याय नहीं कर पाएगी।
एक सूत्र ने कहा, अजय और प्रीति अपने पिछले वेब प्रोडक्शन द ग्रेट इंडियन मर्डर की सफलता से उत्साहित थे। इसलिए टीम ने इस प्रोजेक्ट को एक वेब सीरीज के रूप में बनाने का फैसला किया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। इस सीरीज की स्टारकास्ट क्या होगी, इसके लिए फिलहाल और इंतजार करना होगा। रामसे ब्रदर्स की असली कहानी वाकई में काफी रोचक है।
रामसे ब्रदर्स के पिता का नाम फतेहचंद यू रामसे था। उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह (1954) और एक नन्ही मुन्नी लडक़ी थी (1970) जैसी फिल्मों का निर्माण किया था। इसके बाद उन्होंने हॉरर फिल्म दो गज जमीन के नीचे बनाने का विचार किया। फिर रामसे ब्रदर्स ने 70 से 80 के दशक में दर्जनों हॉरर फिल्में बनाईं। रामसे ब्रदर्स में कुमार रामसे, गंगू रामसे, तुलसी रामसे, अर्जुन रामसे, श्याम रामसे, केशु रामसे और किरण रामसे का नाम शामिल है।
रामसे ब्रदर्स ने वीराना, पुराना मंदिर और पुरानी हवेली जैसी कई चर्चित हॉरर फिल्मों का निर्माण किया था। इसके अलावा उन्होंने टीवी पर हॉरर सीरियल्स से भी लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए थे।
अजय ने हाल में वेब सीरीज रूद्र: द एज ऑफ डार्कनेस से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपना डेब्यू किया है। वह हालिया रिलीज हुई फिल्म आरआरआर में नजर आए हैं। वह आने वाले दिनों में स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म मैदान में भी दिखेंगे। इसमें वह एक फुटबॉल कोच की भूमिका निभाएंगे। वह फिल्म रेड 2 में नजर आएंगे। वह कैथी की हिंदी रीमेक में भी दिखने वाले हैं, जिसका शीर्षक भोला रखा गया है।

