UTTARAKHAND

सीएम से की शीशमबाड़ा प्लांट अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग x

विकासनगर

शीशमबाड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट करने को लेकर सहसपुर के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल सुद्धोवाला में मुख्यमंत्री से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से कहा कि प्लांट की दुर्गंध के कारण क्षेत्र में महामारी फैलने का भय बना है। लोग परेशान हैं। किसी भी तरह से प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट किया जाय। जिस पर सीएम ने आश्वस्त किया कि जल्द मामले का निस्तारण किया जायेगा। सुद्धोवाला में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रतिनिधिमंडल ने विधायक सहदेव पुंडीर के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि जब से शीशमबाड़़ा में कूड़ा घर बना है तब से यहां की आबोहवा प्रदूषित हो गयी है। लगातार उठ रही दुर्गंध से लोगों का जीना मुहाल है। लोगों में भांति भांति की बीमारियां फैल रही हैं। जलवायु पूरी तरह से दूषित हो गयी है। लोगों में महामारी फैलने का भय है। कहा कि पूर्व में भी इस प्रकरण को सीएम के समक्ष उठाया गया। जिस पर इसे शिफ्ट करने के आदेश के बाद भी कोई प्रगति नहीं हुई है। कहा कि ऐसे में प्लांट को जल्द से जल्द अन्यत्र शिफ्ट किया जाय। दावा है कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि मामला उनके संज्ञान में है। जल्द प्लांट पर उचित निर्णय लिया जायेगा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान भगत सिंह राठौर, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल नौटियाल, नरगिश कश्यप, विनोद पाल, दिनेश तिवारी, संजय सहगल, गणेश रतूडी, बलवीर सिंह गुसाईं, विजय सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।