NATIONAL

सर्वदलीय बैठक में पीएम मोदी की अनुपस्थिति पर भडक़ी कांग्रेस, विपक्ष ने की अग्निपथ योजना की वापसी की मांग

नई दिल्ली

संसद के मानसून सत्र के शुरू होने से पहले केंद्र सरकार की ओर से आज बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में विपक्ष की ओर से कई मुद्दों को उठाया गया है। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में विपक्ष ने सरकार से अग्निपथ योजना की वापसी की मांग की है। साथ ही महंगाई और ईंधन के अधिक दामों का मुद्दा भी उठाया है। सरकार से इस दौरान संसद में लगाए गए कई शब्दों पर बैन का भी मुद्दा उठाया गया। सूत्रों के मुताबिक, कई विपक्षी दलों ने केन्द्र सरकार पर संघीय ढांचे को नुकसान पहुंचाने और केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है, विपक्षी दलों की तरफ से सर्वदलीय बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत पर भी सत्र के दौरान चर्चा की मांग की गई।
मोदी की गैरमौजूदगी पर बरसी कांग्रेस
कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाया और कहा कि क्या प्रधानमंत्री का यह व्यवहार ‘असंसदीय’ नहीं है। संसद भवन के एनेक्सी में आयोजित सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने आज बताया कि संसद का संचालन बेहतर तरीके से हो और सभी दल संसद को चलाने में सहयोग करें इसके लिए सरकार ने बुलाई है लेकिन इसमें खुद प्रधानमंत्री मौजूद नहीं है।
आप ने उठाया केजरीवाल को सिंगापुर जाने की अनुमति नहीं देने का मुद्दा
सर्वदलीय बैठक में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सिंगापुर जाने की अनुमति नहीं देने का मामला उठाया। सूत्रों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली के उपराज्यपाल के रवैये पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के सिंगापुर जाने से संबंधित फाइल कई महीनों से उपराज्यपाल के पास अटकी हुई है लेकिन उन्हें सिंगापुर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
बैठक में सरकार की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय संसदीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, पीयूष गोयल, अर्जुन राम मेघवाल मौजूद हैं तो वहीं विपक्षी दलों की बात करें तो कांग्रेस से मल्लिकार्जुन खडग़े, अधीर रंजन चौधरी और जयराम रमेश भी बैठक में शामिल थे। एनसीपी से शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल और सुप्रिया सूले, तृणमूल कांग्रेस से सुदीप बंदोपाध्याय, डीएमके से टीआरएस बालू और तिरुचि सिवा, शिवसेना से संजय राउत और विनायक राउत, वाईएसआर कांग्रेस से विजय साई रेड्डी, सपा से जावेद अली, बसपा से गिरीश चंद्र, आरएलडी से जयंत चौधरी, आम आदमी पार्टी से संजय सिंह, एआइएडीएमके से थंबी दुरै सहित अन्य कई विपक्षी दलों के नेता भी बैठक में मौजूद थे।
सरकार के सहयोगी दलों की बात करें तो जेडीयू से राजीव रंजन सिंह और रामनाथ ठाकुर, अपना दल (एस) से अनुप्रिया पटेल, लोजपा से पशुपति पारस, आरपीआई से रामदास आठवले सहित कई अन्य नेता भी बैठक में मौजूद थे।
संसद के मानसून सत्र को सुचारू रूप से चलाने और एजेंडे पर विचार विमर्श करने के लिए सरकार द्वारा यह सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में सभी राजनीतिक दल सत्र के मुद्दों को लेकर अपनी-अपनी बात रखते हैं और सरकार की तरफ से भी आमतौर पर सभी मुद्दों पर चर्चा का आश्वासन दिया जाता है।