आई.सी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में सी.एम.एस. के टॉपर छात्रों ने निकाला ‘विक्ट्री मार्च’
उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
लखनऊ
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को आईसीएसई (कक्षा-10) की बोर्ड परीक्षा में सिटी मोन्टेसरी स्कूल के ऑल इण्डिया टॉपर छात्रों को सम्मानित किया। सीएमएस गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में 99.80 प्रतिशत अंक अर्जित करने वाली नेशनल टॉपर सीएमएस कानपुर रोड कैम्पस की छात्रा कनिष्का मित्तल, 99.60 प्रतिशत अंकों के साथ ऑल इण्डिया द्वितीय रैंक अर्जित करने वाली सी.एम.एस. महानगर कैंपस की छात्रा अर्चिता सिंह व सरिया खान, सीएमएस गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की छात्रा राइना कौसर व सीएमएस गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) के छात्र क्षितिज नारायन एवं 99.40 प्रतिशत अंकों के साथ ऑल इण्डिया तृतीय रैंक अर्जित करने वाली सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की छात्रा शगुन सिंह, सी.एम.एस. आनन्द नगर कैम्पस की छात्रा अदिति एवं सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) के अमोध अनन्त को विशेष रूप से पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया। समारोह की खास बात रही कि इस अवसर पर मेधावी छात्रों के साथ ही उनके माता-पिता व टीचर-गार्जियन को भी सार्वजनिक तौर पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीएमएस के उन सभी 2314 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने इस वर्ष की आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से लेकर 99.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर रिकार्ड कायम किया है।
समारोह के मुख्य अतिथि ब्रजेश पाठक, उप-मुख्यमंत्री, उ.प्र. ने इस अवसर पर मेधावी छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपने अपने परिश्रम व लगन से सर्वश्रेष्ठ परीक्षाफल देकर न सिर्फ अपने माता-पिता, शिक्षकों व विद्यालय का नाम रोशन किया है, अपितु सी.एम.एस. छात्रों की यह उपलब्धि लखनऊ व प्रदेश के लिए गौरव की बात है। श्री पाठक ने आगे कहा कि छात्रों के लिए इस समारोह का विशेष महत्व है क्योंकि यह आज सम्मानित होने वाले छात्रों को जीवन में और आगे बढऩे व जीवन की दिशा तय करने का अवसर प्रदान करता है, साथ ही साथ अन्य छात्रों को भी प्रेरणा देता है।
