दूसरे एकदिवसीय मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 2 विकेट से रौंदा
पोर्ट ऑफ स्पेन
भारत ने क्वींस पार्क ओवल में यहां दूसरे एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच में वेस्टइंडीज को दो विकेट से हरा दिया। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने 64 रनों की नाबाद पारी खेली। इस जीत को हासिल करते हुए भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया था। टीम के सलामी बल्लेबाज विकेटकीपर साई होप ने 135 गेंदों पर 8 चौके और 3 छक्के की मदद से 115 रन की शतकीय पारी खेली। वहीं, चौथे विकेट के लिए कप्तान निकोलस पूरन और साई होप के बीच 117 रन की साझेदारी हुई। पूरन ने भी शानदार पारी खेलते हुए 74 रन बनाए। गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट झटके। उन्होंने साई होप (115), निकोलस पूरन (74) और रोवमैन पॉवल (13) का विकेट झटका। वहीं, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल और दीपक हुड्डा ने 1-1 विकेट झटका।
वहीं, बल्लेबाजों की मदद से टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 311 रन बनाए और भारतीय टीम को जीत के लिए 312 रनों का लक्ष्य दिया।
जवाब में भारतीय टीम ने 48 के स्कोर पर पहला विकेट शिखर धवन (13) का गंवा दिया। इसके बाद शुभनम गिल और श्रेयस अय्यर ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने क्रमश: 43 और 63 रनों की पारी खेली। अय्यर ने टीम के लिए अर्धशतकीय पारी खेलकर स्कोर को आगे बढ़ाया। सूर्यकुमार यादव 9 के स्कोर पर आउट हुए। वहीं, विकेटकीपर संजू सैमसन ने भी अर्धशतकीय पारी खेली और 54 के स्कोर पर रन आउट हो गए।
इसके बाद दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल ने पारी को संभाला। हालांकि, हुड्डा 33 रन पर आउट हो गए, लेकिन टीम के स्कोर को बढ़ाने में अहम योगदान दिया। वहीं, पटेल ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलकर भारतीय टीम को 2 विकेट से जीत दिलाई। उन्होंने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए 35 गेंदों पर 5 छक्के और 3 चौके की मदद से 64 रन की पारी खेली। गेंदबाज अलजारी जोसेफ और मायर्स ने 2-2 विकेट झटके। वहीं, जायडन सिल्स, रोमेरियो सेफर्ड और होसेन ने 1-1 विकेट झटका।
00

