UTTARAKHAND

दवाओं के सैंपल आने पर ही शुरू होगा उत्पादन

रुड़की

भगवानपुर में नकली दवा उत्पादन किए जाने की आशंका को लेकर सील कंपनी में ड्रग्स विभाग की टीम फिर पहुंची। विभाग ने फैक्ट्री पहुंचकर सील खोलकर मामले में जानकारी जुटाई। एसटीएफ की टीम ने शनिवार रात औद्योगिक क्षेत्र सिसौना में स्थित एक दवा फैक्ट्री पर नकली दवाओं के उत्पादन की आशंका को लेकर ड्रग विभाग के साथ छापेमारी की थी। इसके बाद फैक्ट्री को सील कर दिया था। मामले में सोमवार दोपहर बाद औषधि निरीक्षक मानवेंद्र सिंह राणा फैक्ट्री पहुंचे। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन फैक्ट्री का लाइसेंस, एग्रीमेंट तथा अन्य दस्तावेज मौके पर नहीं दिखा पाए। गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस, गुड लैबोरेट्रीज प्रैक्टिस के प्रावधान सही नहीं पाए गए। फिलहाल फैक्ट्री में उत्पादन पर रोक लगाकर इसे सील करने की कार्रवाई की गई थी। फैक्ट्री की सील खोलकर सोमवार को फिर से पड़ताल की गई। इसके साथ ही कुछ दवाइयों के सैंपल लिए गए। उन्हें लैब भेजा गया है। उन्होंने बताया कि उत्पादन पर तब तक रोक लगी रहेगी, तब तक दवाओं के सैंपल की जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती।