हर घर तिरंगा अभियान के तहत किया व्याख्यान का आयोजन
श्रीनगर गढ़वाल
एनआईटी उत्तराखंड ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सहयोग से प्रगतिशील स्वतंत्र भारत के 75 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत एक प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया है। कार्यक्रम में एनआईटी के निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहा है, ऐसे अवसर पर प्रधानमंत्री ने हर घर तिरंगा कार्यक्रम में भाग लेने के लिए हर भारतीय को प्रेरित किया है। भारत में तिरंगा के साथ संबंध व्यक्तिगत होने के बजाय पूरी तरह औपचारिक या संस्थागत रहे हैं। इसलिए, यदि प्रत्येक भारतीय स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में एक राष्ट्र के रूप में सामूहिक रूप से ध्वजारोहण करता है तो यह व्यक्तिगत हो जाएगा। विशिष्ट अतिथि डीआईजी सृष्टिराज गुप्ता ने कहा कि आज के वैश्विक परिदृश्य को देखते हुए लोगों में राष्ट्रवाद की भावना को जगाने और उन्हें एकजुट करने के लिए एक प्रतीक की जरूरत है, इसलिए घर तिरंगा कार्यक्रम शुरू किया गया है।

