जिलों में प्रवास करेंगे भाजपा मीडिया विभाग के प्रभारी
देहरादून —
भाजपा के मीडिया विभाग के जिला प्रभारी 12 फरवरी से जिलों में प्रवास करेंगे। पार्टी के मीडिया व सोशल मीडिया विभाग की बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने मीडिया विभाग को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने पर जोर दिया।
वर्चुअल माध्यम से बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जी जान से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया की टीम पार्टी की आंख-कान-नाक होती है इसलिए संगठन के अंदर और बाहर की प्रत्येक गतिविधियों पर उसकी नजर रहनी चाहिए।
उन्होंने मीडिया विभाग से समाज के हर वर्ग को जोड़ने पर भी बल दिया। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि जिलों में प्रवास के लिए जिला प्रभारी नामित किए जा चुके हैं। बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, विनोद सुयाल, विपिन कैंथोला, नवीन ठाकुर, सह मीडिया प्रभारी कमलेश उनियाल, संजीव वर्मा, सोशल मीडिया संयोजक शेखर वर्मा, पारितोष बंगवाल आदि मौजूद रहे।

