dehradunUTTARAKHAND

13 व 14 को शल्य चिकित्सा की सजीव कार्यशाला का आयोजन

देहरादून,

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज सम्बद्ध दून चिकित्सालय के प्राचार्य डा. आशुतोष सयाना ने कहा है कि सर्जरी विभाग के तत्वावधान में 13 व 14 अगस्त को शल्य चिकित्सा की सजीव कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा। आज परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारोें से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि इस सजीव कार्यशाला में देशभर के दूरबीन सर्जरी से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा। चिकित्सकीय पद्धति लैपरोस्कोपिक सर्जरी विषयों पर सजीव शल्य चिकित्सा करते हुए व्याख्यान देते हुए इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी जायेगी, दूरबीन विधि से होने वाले ऑपरेशन का सजीव चित्रण किया जायेगा। इसके लिए कैमरे के माध्यम से दिखाया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस सजीव कार्यशाला का राजकीय दून मेडिकल कॉलेज सम्बद्ध दून चिकित्सालय के नवीन ओटी व इमरजेन्सी भवन में प्रातः 11 बजे से शुभारंभ किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस सजीव कार्यशाला में डा. जुगिन्दर, डा. निखिल सिंह, डा. थॉमस चतुर्वेदी, डा. देबोश्री शर्मा, डा. पी सूर्यवंशी आदि शामिल होंगे और अपने अपने अनुभवों को साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि अलग-अलग बीमारियों के 12 मरीजों के आपरेशन किये जायेंगे। मरीजों को भर्ती कर दिया गया है और उनकी जांच भी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि दूरबीन विधि से आपरेशन करने के बारे में लोगों को जागरूक करने का काम किया जायेगा। इस अवसर पर अनेक चिकित्सक उपस्थित थे।