TRENDING NEWSUTTARAKHAND

किच्छा में सेटेलाइट एम्स को सौ एकड़ भूमि ट्रांसफर

रुद्रपुर

किच्छा के खुरपिया फार्म में सौ एकड़ भूमि पर एम्स के सेटेलाइट सेंटर का निर्माण प्रस्तावित है। मंगलवार को ऋषिकेश एम्स के अधिकारियों ने खुरपिया फार्म पहुंच कर प्रशासन से प्रस्तावित भूमि को अपने कब्जे में लिया। जिसके बाद किच्छा में एम्स बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवंबर 2022 में हल्द्वानी रैली के दौरान किच्छा में सेटेलाइट एम्स का शिलान्यास किया था। जिसके बाद किच्छा के खुरपिया फार्म की सौ एकड़ भूमि में एम्स बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। जिला प्रशासन ने खुरपिया फार्म की सौ एकड़ भूमि को एम्स के नाम कर दिया। मंगलवार को ऋषिकेश एम्स की टीम ने खुरपिया पहुंच कर भूमि के अधिग्रहण संबंधित औपचारिकताएं पूरी कीं। इस दौरान एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा, तहसीलदार सुरेश चंद्र बुड़लाकोटी ने एम्स ऋषिकेश के संकायाध्यक्ष डॉ. मनोज गुप्ता के साथ औपचारिकताएं पूरी करते हुए भूमि एम्स के कब्जे में देकर उसकी निशानदेही की। एम्स के अधिकारियों ने बताया कि एम्स का निर्माण प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए प्रथम चरण में चाहरदीवारी का काम किया जाएगा। इस दौरान उप प्रशासनिक अधिकारी एम्स लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत) रंजन मुखर्जी, पीआरओ हरीश मोहन थपलियाल समेत कई लोग मौजूद रहे।