धूमधाम से निकाली गई भगवान श्री कृष्ण की ऐतिहासिक डोली
मसूरी,
श्री सनातन धर्म मंदिर सभा द्वारा भगवान श्री कृष्ण की डोली धूमधाम से निकाली गई। इस मौके पर हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर जौनपुर जौनसार टिहरी देहरादून आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बताते चलें कि भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी के बाद आने वाले रविवार को भगवान श्री कृष्ण की डोली की धूमधाम से निकाली जाती है जिसमें श्रद्धालु भजन कीर्तन के साथ नगर की परिक्रमा करते हैं। इस ऐतिहासिक डोली में पारंपरिक वेशभूषा में ग्रामीण आते हैं और वाद्य यंत्रों की थाप पर नृत्य करते हैं। इस डोली का अपना विशेष महत्व है जो 1878 से लगातार निकाली जाती रही है। इस अवसर पर श्री सनातन धर्म मंदिर सभा के उपाध्यक्ष उपेंद्र पंवार ने बताया कि मंदिर से श्री कृष्ण जी की डोली की पूरे शहर में परिक्रमा की जाती है और जगह जगह पर इसका स्वागत किया जाता है तथा भजन कीर्तन के साथ डोली लाइब्रेरी गांधी चौक पर पहुंचकर वापस मंदिर परिसर में आती है जहां पर भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति को पुनः स्थापित किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक डोली को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग आते हैं और भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उन्होंने बताया कि 140 वर्षों से भगवान श्री कृष्ण की डोली नगर परिक्रमा करती आ रही है। इस ऐतिहासिक डोली का अपना विशेष महत्व है और लोगों की आस्था भी इस पर बनी हुई है। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी सुनील शास्त्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों से कोरोना के चलते श्री कृष्ण की डोली नहीं निकाली जा सकी थी, लेकिन इस वर्ष धूमधाम के साथ भगवान श्री कृष्ण की डोली की नगर परिक्रमा की जा रही है।

