UTTARAKHAND

देर रात तक जुबिन नौटियाल के गानों पर थिरके छात्र

मसूरी,

सेंट जॉर्ज कालेज में आयोजित कार्यक्रम में माइलस्टोन के तहत बॉलीवुड के मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल ने देर रात्रि तक अपने गीतों से वहां मौजूद श्रोताओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ ही अध्यापक अध्यापिकाओं ने भी जमकर गीतों का आनंद लिया और नृत्य किया। सेंट जॉर्ज कॉलेज में आयोजित माइलस्टोन कार्यक्रम के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें नाटक का मंचन और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इसके पश्चात स्कूल के प्रधानाचार्य जोसेफ एम जोजेफ द्वारा छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए। वहीं कार्यक्रम में पहुंचे बॉलीवुड के मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल ने विभिन्न गीतों की प्रस्तुति दी और अपनी आवाज का जादू बिखेर कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर सेंट जॉर्ज कॉलेज के प्रिंसिपल ब्रदर जोसेफ एम जोजेफ ने बताया कि माइलस्टोन कार्यक्रम पिछले 20 सालों से आयोजित किया जा रहा है जिसमें दिल्ली मेरठ देहरादून के अलावा मसूरी के लगभग 20 स्कूल प्रतिभाग करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने का यह सबसे बेहतरीन मंच है और यहां पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को बहुत कुछ सीखने को मिलता है और उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने बताया कि जुबिन नौटियाल ने भी इसी स्कूल से शिक्षा ग्रहण की है और माइलस्टोन में ही गायन के क्षेत्र में उन्हें पहला पुरस्कार मिला था। उन्होंने बताया कि माइलस्टोन में शतरंज प्रतियोगिता कैनवस पेंटिंग गायन नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती है जिससे छात्रों को जीवन में एक नया अनुभव मिलता है।