राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन, राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित
देहरादून,
राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा ने जालौर राजस्थान में आठ साल के अनुसूचित जाति के छात्र इन्द्र कुमार मेघवाल की शिक्षक द्वारा की गई पिटाई से हुई निर्मम हत्या के विरोध एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिये जाने की मांग को लेकर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। आज मोर्चा के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहंुचे और वहां पर उन्होंने नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करते हुए जालौर राजस्थान में आठ साल के अनुसूचित जाति के छात्र इन्द्र कुमार मेघवाल की शिक्षक द्वारा की गई पिटाई से हुई निर्मम हत्या के विरोध एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिये जाने की मांग को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया। इस अवसर पर ज्ञापन में कहा गया कि राजस्थान के जनपद जालौर के ग्राम सुराणा पुलिस थाना क्षेत्र सायला में अनुसूचित जाति के निर्दोष छात्र इन्द्र कुमार मेघवाल जो लगभग आठ वर्ष का बालक था और स्कूल के शिक्षक छैल सिंह द्वारा पानी के मटके में हाथ लगाने व पानी पीने के कारण अनुसूचित जाति के बालक की बर्बरतापूर्ण पिटाई की गई। जिसके फलस्वरूप उसकी असमय दुखद मृत्यु हो गई जिसके कारण राजस्थान ही नहीं संपूर्ण देश के अनुसूचित समाज में आक्रोश एवं असंतोष व्याप्त है। ज्ञापन में कहा गया कि जहां देश आजादी के 75वीं अमृत महोत्व को मना रहा है और वहीं राजस्थान में निरंतर अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार एवं उत्पीड़न की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हो रही है जो अत्यंत निंदाजनक एवं आपत्तिजनक है ऐसा प्रतीत होता है कि राजस्थान में कानून व्यवस्था पूरी तरह ठप्प हो गई है। ज्ञापन में कहा गया कि गरीब अनुसूचित जाति की सुनवाई राज्य सरकार करने में विफल है अनुसूचित जाति को न्याय देने में राजस्थान सरकार अभी तक असफल रही है जहां अन्य मामलों में 50 लाख रूपये तक का मुआवजा दिया गया तथा नौकरियां दी गई किन्तु अभी तक पीड़ित परिवार को 50 लाख रूपये का मुआवजा एवं नौकरी भी नहीं दी गई है। ज्ञापन में कहा गया कि राजस्थान में कानून का राज्य स्थापित करने हेतु राजस्थान सरकार को बर्खास्त किया जाये तथा दोषी को फांसी की सजा दी जाये और पीडित परिवार को 50 लाख का मुआवजा तुरंत दिलाया जाये। इस अवसर पर प्रदर्शन करने व ज्ञापन देने वालों में मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र केसला, प्रदेश महामंत्री मदन वाल्मीकि, मीडिया प्रभारी विनोद घाघट आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।

