आपदाओं व वर्षा से क्षतिग्रस्त राजमार्गों को शीघ्र दुरूस्त करने की मांग
देहरादून,
मानवाधिकार मंच समिति ने देवभूमि उत्तराखंड की अस्थाई राजधानी देहरादून व अन्य जिलों में मुख्य क्षेत्रों को जोड़ने वाले राजमार्ग प्राकृतिक आपदाओं व अत्यधिक वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हो गये हैं जिन्हें शीघ्र ही ठीक किये जाने की आवश्यकता है। इसके लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया गया है। यहां मानवाधिकार मंच समिति की एडवोकेट मनीषा दुसेजा जिला प्रशासन के माध्यम से भेजे ज्ञापन में कहा कि वर्तमान में देवभूमि उत्तराखंड में आम जनमानस को स्वास्थ्य एवं अन्य अति आवश्यक कार्यों हेतु आवागमन में अत्यधिक कठिनाई हो रही है तथा प्राकृतिक आपदाओं से पूरा उत्तराखंड राज्य त्रस्त है। सड़कें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं जिस ओर शीघ्र ही कोई सार्थक प्रयास करने की आवश्यकता है जो जनहित में है। इस अवसर पर मानवाधिकार मंच समिति के अन्य पदाधिकारी व सदस्य भी शामिल रहे।

