2022 तक विश्वगुरू बनने की बात कही थी, पर देश को नफरत की आग में झोंक दिया – राहुल गांधी
नई दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2022 तक विश्वगुरू बनने की बात कही गई थी, लेकिन देश को नफरत की आग में झोंक दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और टैक्स के बोझ के नीचे देश की जनता दबी जा रही है, इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सात सितंबर से ‘भारत जोड़ोश् यात्रा की शुरूआत करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने फेसबुक पर जारी पोस्ट में कहा कि महंगाई का जाल तोड़ो, भारत जोड़ो! आज देश में सबसे बड़ी समस्याएं हैं-बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ती नफरत। ‘बहुत हुई महंगाई की मारश् वाला जुमला आप सबको याद ही होगा, लेकिन आज खाद्य पदार्थों पर जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) लगाकर जनता से वसूली की जा रही है। राहुल ने आरोप लगाया हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन आज देश में 45 वर्षों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है।
कहा गया था हम 2022 तक विश्वगुरु बनेंगे , लेकिन आज देश को नफरत की आग में झोंक दिया गया है। उन्होंने कहा मुद्दे कई हैं जिन पर बात होनी चाहिए, सवाल उठने चाहिए, जवाब मिलने चाहिए। अगर सरकार द्वारा जनता के मुद्दे उठाने के लिए द्वेष, भय और प्रतिशोध की राजनीति की जाएगी तो हम सब कुछ झेलने के लिए तैयार हैं। सच बोलने के लिए मुझ पर जितने आक्रमण करने हैं, कर लें, मैं पीछे नहीं हटूंगा। राहुल ने कहा जनता बेरोजगारी, महंगाई और टैक्स के बोझ के तले दबी जा रही है, जिसके खिलाफ हम भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। मैं इस लड़ाई में अकेला नहीं हूं, मेरे साथ देश का एक-एक नागरिक है और हम सब मिलकर भारत जोड़ेंगे।

