यूपी के 20 जिलों में हो सकती हैं भारी बारिश, 1 से 7 सितंबर तक मौसम विभाग के अलर्ट
नई दिल्ली
मानसून सीजन खत्म होने की संभावित तारीख आ चुकी है। इस बीच कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। उत्तर में यूपी से लेकर दक्षिण में केरल तक बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर चेतावनी जारी की है। यूपी में मौसम का मिजाज तेजी के साथ बदल रहा है। यूपी में एक बार फिर से मानसून सक्रिय हुआ है। मौसम विभाग का अलर्ट है कि, 1 से 7 सितंबर तक यूपी के पूर्वांचल के कई जिलों में झमाझम बारिश होगी।
मौसम विभाग की चेतावनी है कि, यूपी के 20 जिलों में भारी बारिश होगी। लखनउ सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश होगी। गुरुवार और शुक्रवार को तेज बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज और चमक के साथ तीन सितंबर तक बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जिन जिलों के बारे में चेतावनी जारी हुई हैं, उसमें लखनऊ, मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, पीलीभीत, बरेली, हाथरस, मैनपुरी, आगरा, झांसी, कानपुर नगर, औरैया, फुरसतगंज, फतेहपुर, प्रयागराज, बलिया, वाराणसी, मऊ, गोरखपुर, संत कबीर नगर और बहराइच शामिल हैं। मौसम विभाग का मानना है कि इन जिलों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती है। कुछ जिलों में आकाशीय बिजली की गरज के साथ बारिश हो सकती है। सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम से जुड़ी निजी एजेंसी के मुताबिक 1 सितंबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, बिहार के कुछ हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

