पुलिस, जनप्रतिनिधियों और स्कूली छात्रों ने निकाली नशे के खिलाफ रैली
देहरादून
उत्तराखंड पुलिस द्वारा लगातार छेत्र में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें स्कूल, कॉलेज के सहयोग से छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी दूर रखने की अपील के साथ जागरूक किया जा रहा है। आज डोईवाला के तेल्लीवाला गांव में स्कूली छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर क्षेत्रवासियों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। पूर्व ग्राम प्रधान व स्कूल प्रबंधक अब्दुल रज्जाक ने कहा कि हमारे कई नौजवान नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, और बहुत से परिवार नशे की वजह से बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे का बहुत बड़ा दुष्प्रभाव पूरे समाज में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नशा समाज और धर्म के हिसाब से भी बहुत ही घातक है, और हम सभी का कर्तव्य बनता है कि नशे के खिलाफ अभियान चलाकर उसे जड़ से उखाड़ें। उन्होंने कहा कि जो भी लोग नशा करते है, और नशा बेचते हैं, उसका समाज से बायकॉट किया जाए, तभी हम इस नशे के अभियान को सफल बना सकते हैं। सभासद अब्दुल कादिर ने कहा कि इस रैली को निकलने का मकसद एक ही है कि जो भी लोग क्षेत्र में नशा कर रहे हैं, और जो बेच रहा है वो सावधान हो जाए, अब जो भी नशा करेगा या बेचेगा उसके खिलाफ सभी जनप्रतिनिधि मिलकर पुलिस को सौंपेंगे, ताकि क्षेत्र में नशे का प्रचलन कम हो सके।

