किसानों का भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
ऋषिकेश
संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को लखीमपुर खीरी कांड की बरसी पर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने सरकार से इन मुकदमों को वापस लेने की मांग की। सोमवार को डोईवाला स्थित सहकारी गन्ना विकास समिति के प्रांगण में किसानों ने प्रदर्शन किया। किसान नेता दलजीत सिंह ने कहा कि लखीमपुर कांड में केंद्रीय राज्य मंत्री को बर्खास्त किया जाना चाहिए। कहा कि सरकार ने आरोपी को बचाने के लिए किसानों पर झूठे मुकदमे करवाए हैं और किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। इस दौरान किसानों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम के माध्यम से पीएम को ज्ञापन भेजा। मौके पर राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह खालसा, बलबीर सिंह, सरवन सिंह, हरबंस सिंह, बलविंदर सिंह, सौरभ पाल, याकूब अली, जाहिर अंजुम, परमजीत सिंह, जगजीत सिंह, मोहम्मद उस्मान आदि उपस्थित रहे।

