CRIMEHARIDWARUTTARAKHAND

सड़क दुर्घटना में कार सवार दम्पति समेत तीन की मौत

हरिद्वार

श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात को डम्पर और कार की भिड़ंत में कार सवार दम्पति समेत तीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर परिजनों को सूचना भेज दी। घटना के बाद डम्पर चालक मौके से वाहन को छोड़ कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार सवार दवा लेने के लिए जौलीग्रांट हॉस्पिटल जा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित गैंडीखाता के पास बिजनौर की ओर से हरिद्वार आ रही वैगनार कार की दूसरी ओर से आ रहे डम्पर की सीधी भिड़ंत हो गयी। घटना की इतना जबरदस्त थी कि कार सवार महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। राहगिरों की सूचना पर श्यामपुर पुलिस ने कार में फंसे तीनों शव को निकाल कर अपने कब्जे में ले लिया। जबकि घटना के बाद डम्पर चालक मौके पर वाहन छोड़ कर फरार हो गया। घटना में मरने वालों की पहचान रोहित पुत्र जयवीर सिंह उम्र करीब 40 वर्ष निवासी गांव ककराला चांदपुर बिजनौर, प्रमोद पुत्र राजेन्द्र सिंह उम्र करीब 35 वर्ष और नीतू पत्नी प्रमोद उम्र करीब 33 वर्ष निवासीगण गांव कसौरा किरतपुर बिजनौर यूपी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को रात को ही पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज कर परिजनों को घटना की जानकारी भेज दी। सूचना पर मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार प्रमोद अपनी पत्नी नीतू को दवा दिलाने के लिए अपने साले रोहित के साथ कार से जौलीग्रांट हॉस्पिटल जा रहा था। पुलिस ने मंगलवार को तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया। पुलिस ने घटना के सम्बंध में पीड़ित परिवार की ओर से अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।