CRIMEHARIDWARUTTARAKHAND

एसपी क्राईम की फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने वाले तीन लोग पुलिस ने किए गिरफ्तार

हरिद्वार

एसपी क्राईम की फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए रानीपुर कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों लोग यूपी के बिजनौर जनपद के रहने वाले हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 8 मोबाइल फोन, 2 पैन कार्ड, 6 एटीएम कार्ड, 27 फर्जी सिम कार्ड और 2 चेक बुक बरामद की हैं। आरोपी सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारियों की फर्जी आईडी बनाकर व वर्दी वाली फोटो लगाकर शादी के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। एसपी क्राईम हिमांशु वर्मा ने फर्जी आईडी बनाकर दुरूपयोग किए जाने के संबंध में रानीपुर कोतवाली में मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू करते हुए पुलिस सीआईयू टीम ने यूपी के बिजनौर जनपद के नगीना से नावेद सलीम पुत्र नईम अहमद निवासी मोहल्ला पंजाबीयान थाना नगीना जिला बिजनौर, विकास कुमार पुत्र सर्वेश जोशी निवासी विश्नोई सराय थाना नगीना जनपद बिजनौर व अंशित विश्नोई पुत्र प्रणय सिंह विश्नोई निवासी विश्नोई सराय थाना नगीना जनपद बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रत्येक बृहस्पतिवार को अखबारों में शादी विवाह के ऐड देते हैं। जो कि प्रत्येक रविवार को अलग-अलग अखबारों में छपते है। इश्तिहार को पढ़ने वाले लोग उन्हें कॉल किया करते है। जिनसे रजिस्ट्रेशन के नाम पर 10 से 20 हजार अपने खातों में डलवा लेते हैं। उसके 2 दिन बाद रिश्ते की बातचीत, रिश्ता पक्का करने उनके घर पहुंचने के लिए कहते हैं। 2 दिन बाद जब रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोग उन्हें फोन करते हैं तो गाड़ी से दूधिए के मरने तथा समझौते के लिए थाने पर मौजूद होने की बात कह देते हैं। इसके बाद एक्टिवेट हुए सिम पर किसी पुलिस अधिकारी की फर्जी फोटो लगा दी जाती है। जिससे लोगों को यह विश्वास हो जाए कि वे थाने पर ही है। जिसके बाद लोग हमारे खातों में धनराशि डाल देते हैं। पुलिस टीम में रानीपुर कोतवाली प्रभारी रमेश तनवार, एसआई अशोक सिरसवाल, एसआई समीप पाण्डेय, कांस्टेबल विपिन शर्मा व कर्म सिंह के अलावा सीआईयू प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट, रणजीत तोमर व कांस्टेबल नरेंद्र, वसीम, उमेश शामिल रहे।