घर के बाहर खड़ी कार चोरी
हरिद्वार
त्योहारी सीजन में हरिद्वार पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को मुंह चिढ़ाते हुए चोरों ने कनखल क्षेत्र से चौपहिया वाहन चोरी कर लिया। पुलिस अब घटनास्थल से लेकर आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। घटना शुक्रवार देर रात की है। क्षेत्र की गुरुबख्श विहार कालोनी निवासी सुमित कुमार ने अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। देर रात करीब 12 बजे जब वह किसी कार्य से घर से बाहर आए तो देखा कि उनकी कार गायब थी। वाहन स्वामी के होश उड़ गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। आनन-फानन में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो कार चोरी की घटना सामने आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सूचना फ्लैश की लेकिन कार का पता नहीं चल सका। प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

