घायल दंपति को एसपी क्राइम ने पहुंचाया अस्पताल
हरिद्वार
भेल मार्ग रानीपुर में घायल हुए दंपति के लिए एसपी क्राइम प्रदीप राय देवदूत बनकर पहुंचे। अपनी कार से एसपी क्राइम ने सडक़ पर घायल हुए दंपति और उनकी उनकी बेटी को अस्पताल पहुंचाया। दंपति ने एसपी क्राइम का आभार जताया। घटना बुधवार रात की है, एसपी क्राइम प्रदीप राय शहर से अपने आवास रोशनाबाद जा रहे थे। रात करीब 9:30 बजे जब वह भेल के मध्य मार्ग पर पहुंचे तो उन्होंने देखा की एक बाइक सवार दंपति व उनकी बेटी घायल सडक़ पर पड़े हैं। साइकिल सवार युवक को बचाने के कारण हादसा हुआ था। एसपी क्राइम वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने हादसा देख अपनी कार रुकवाई और घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। यहां से घायल युवक को जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया है। क्योंकि उनके हाथ और पैर में चोटें आई थीं। हादसे में घायल हुई महिला पूनम कश्यप अपने पति मोहन कश्यप के साथ अपने मायके रावली महदूद से इंद्रबास्ती कनखल आ रही थी।

