मांगे नहीं मानीं तो कार्यबहिष्कार करेंगे विवि कर्मचारी
हरिद्वार
उत्तराखंड विवि कर्मचारी महासंघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक गुरुकुल कांगड़ी विवि में हुई, जिसमें राज्य भर के 11 विवि के कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में संगठन की मांगों का निस्तारण न होने की स्थिति में 20 दिसंबर को राज्य भर के समस्त विवि के कर्मचारियों द्वारा एक दिन का कार्यबहिष्कार किया जाएगा। शनिवार को गुरुकुल कांगड़ी विवि के संस्कृत विभाग सभागार में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक मुख्य संरक्षक भूपल सिंह करायाट की अध्यक्षता में हुई। मुख्य अतिथि गुरुकुल कांगड़ी विवि के कुलपति प्रो. सोमदेव शतांशु ने विवि के विकास में गैर शैक्षिक कर्मचारियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया और संस्था के विकास में संगठनों के प्रयासों का आह्वान किया। भूपल सिंह करायाट ने बताया कि राज्य के विभिन्न विवि के कर्मचारियों की समस्त जायज मांगों के निस्तारण हेतु पत्राचार और वार्ताएं की जाएंगी और निराकरण न होने की स्थिति में 20 दिसबंर को राज्य के समस्त विवि के कर्मचारी एक दिन का कार्य बहिष्कार करेंगे। विशिष्ट अतिथि प्रख्यात पर्वतारोही संतोष यादव ने कर्मचारियों के योगदान पर चर्चा की। संगठन के प्रांतीय महामंत्री डॉ लक्ष्मण सिंह रौतेला ने राज्य के समस्त विवि में चल रहे 1500 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्ति, स्टाफिंग पैटर्न सहित पदोन्नति कैडर लागू करने जैसी अन्य मांगों को दोहाराया। बैठक के आयोजक गुरुकुल कांगड़ी सम विवि कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में 11 विवि से 38 पदाधिकारियों ने भाग लिया।

