Uttarakhand Breaking: सीमांत चमोली से पिथौरागढ़ की राह होगी आसान
चीन सीमा क्षेत्र में चमोली और पिथौरागढ़ जिले को आपस में जोड़ने वाला मलारी-मिलम ट्रैक (चमोली जिले के सुमना से पिथौरागढ़ जिले के टोपीढुंगी तक) जल्द ही सड़क में तब्दील हो जाएगा। केंद्र सरकार ने सुमना से टोपीढुंगी तक 72 किमी सड़क के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
यह ट्रैक पूर्व में केंद्रीय लोनिवि (सीपीडब्ल्यूडी) के अधीन था, लेकिन केंद्र ने इस ट्रैक को सड़क में तब्दील करने का कार्य सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को सौंप दिया है। इस सड़क के बनने से मात्र तीन दिनों में मलारी से पिथौरागढ़ के मिलम तक पहुंचा जा सकेगा, जबकि अभी तक ट्रैकरों को मलारी से मिलम तक जाने में सात दिनों का समय लगता था। केंद्र सरकार चीन सीमा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण पर जोर दे रही है। चमोली जिले में चीन सीमा क्षेत्र नीती और माणा क्षेत्र में सड़कों के डबल लेन निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। अब नीती घाटी के मलारी-मिलम (पिथौरागढ़) ट्रैकिंग रूट को सड़क में तब्दील किया जा रहा है, जिससे पर्यटकों के साथ ही सेना की आवाजाही आसान हो जाएगी।

