UTTARAKHAND

नशे के खिलाफ युवाओं ने निकाली रैली

विकासनगर

पछुवादून के टिमली गांव में युवा संगठन की ओर से रविवार को रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया।
गांव के पंचायत भवन से शुरू हुई रैली पूरे गांव से गुजरते हुए दुबारा पंचायत भवन में पहुंची। युवाओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे गांव में नशे का कारोबार तेजी से फल फूल रहा है। नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए युवाओं को एकजुट होना होगा। कहा कि नशे की लत में पड़ा व्यक्ति परिवार के साथ ही समाज के लिए भी परेशानियां पैदा करता है। जिस समाज में नशे की प्रवृत्ति बढ़ती जाती है, वह समाज खोखला हो जाता है। कहा कि नशा सामाजिक विकृतियों का कारण बनता है। इससे परिवारों के बिखराव होने के साथ ही समाज पतन की ओर जाता है। युवा गलत सोहबत में पड़ कर नशे के आदी हो रहे हैं। लिहाजा नशे के बढ़ते कारोबार को रोकने के लिए स्थानीय लोगों को प्रशासन का सहयोग करना होगा। युवाओं ने कहा कि गांव में नशे का कारोबार करने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। जो युवा नशे की लत में पड़ चुके हैं, उन्हें रिहेब सेंटर भेजा जाएगा। जिससे उनकी नशे की लत छूट सके। गांव के बुजुर्गों को भी युवाओं का सहयोग देना होगा। परिवार में नशे के आदी सदस्यों को इस लत से दूर करने के प्रयास करने होंगे। रैली में शामिल सभी युवाओं ने गांव को नशा मुक्त करने का संकल्प लिया। रैली में युवा मंगल दल अध्यक्ष अकरम अंसारी, पूर्व प्रधान नफीस अहमद, हारुन, साजिद, नाजिर, आशिक, मौलाना साबिर, अरशद, फैजान आदि शामिल रहे।