तालाबंदी कर धरने पर बैठे गन्ना समिति कर्मचारी
रुड़की। गन्ना समिति के सदस्य किसान ने समिति के कंप्यूटर कक्ष प्रभारी से अभद्रता कर दी। इससे नाराज समिति के तमाम कर्मचारी तालाबंदी कर समिति परिसर में धरने पर बैठ गए। समिति के सभापति ने प्रभारी सचिव के साथ उनसे वार्ता कर मामले में पुलिस कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। इसके बाद कर्मचारी काम पर लौट गए। शनिवार सुबह एक स्थानीय किसान अपना कोई काम कराने के लिए लक्सर सहकारी गन्ना विकास समिति के कार्यालय पहुंचा था। वहां किसी बात पर किसान की समिति के कंप्यूटर कक्ष प्रभारी दिनेश कुमार के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि किसान ने प्रभारी से अभद्रता की। समिति के दूसरे कर्मचारियों के आने से पहले किसान वापस लौट गया। इसके बाद प्रभारी ने कोतवाली जाकर किसान के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी। बाद में घटना से नाराज गन्ना समिति के सारे कर्मचारी समिति पर तालाबंदी करने के बाद कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इसका पता चला तो समिति के सभापति चौधरी जितेंद्र नागर समिति के प्रभारी सचिव सूरजभान सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे कर्मचारियों की बात सुनी। वार्ता के बाद उन्होंने आश्वासन दिया कि वे पुलिस से मिलकर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई कराएंगे। उनसे आश्वासन मिलने पर कर्मचारी संतुष्ट हो गए और धरना समाप्त कर काम पर लौट गए। सभापति नागर ने बताया कि आरोपी किसान से भी संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। इसके बाद पुलिस से मिला जाएगा। धरने पर राजकुमार, शिवकुमार, राजवीर राणा, जोगेंद्र सिंह, निखिल, नितिन, अरविंद, अमित रावल, सुनील कुमार, शोभित सैनी, बिजेंद्र सैनी, परीक्षित कुमार, दपंकज, दीपक कुमार, विरेंद्र सिंह मौजूद थे।

