संविदा भेलकर्मी की गैर इरादतन हत्या के आरोप में तीन नामजद
हरिद्वार। भेल कारखाने में तैनात एक संविदाकर्मी की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर रानीपुर कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। कोर्ट को दिए प्रार्थना पत्र में अरविंद निवासी ग्राम दौलतपुर बहादराबाद ने बताया कि उसके पिता शीशपाल भेल में संविदाकर्मी के तौर पर कार्यरत थे। मार्च माह में डयूटी के दौरान उनके साथ कार्यरत सुपरवाइजर संजय वालिया, सहकर्मी अनिल व किशोर ने पिता को प्रसाद के तौर पर खुद खाद्य सामग्री दी थी। उसे खाने के बाद उनके पिता की तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें भूमानंद अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर पिता को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर सुपरवाइजर संजय वालिया, अनिल, किशोर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।
