HARIDWAR

काठा पीर मेले के नजदीक गन्ने के खेत में लगी आग, अफरातफरी

हरिद्वार । काठा पीर दरगाह के नजदीक गन्ने के खेत में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। गन्ने के खेत में आग लगने से बड़ा हादसा होने से टल गया। क्योंकि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस वक्त मेले में कई हजार की संख्या में लोग मौजूद थे।
पथरी क्षेत्र के जंगल में स्थित हजरत शाह मोहम्मद उर्फ कांटा पीर दरगाह पर सालाना उर्स चल रहा है। काफी संख्या में दूर-दराज से लोग जियारत करने मेले में पहुंच रहे हैं। बीती देरशाम अचानक कांटा पीर दरगाह से थोड़ी ही दूरी पर एक गन्ने के खेत में आग लग गई। आग लगने की सूचना फैलते ही मेले में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही मेले में खड़ी फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और खेत में फैली आग को बुझाने में जुट गई। फायरकर्मियों ने एक गाड़ी की मदद से बमुश्किल खेत में लगी आग को बुझाया। उधर मेला प्रशासन ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि भठियों की राख व आग को खेतों की ओर न फेंके। इससे आग लगने का खतरा बना रहता है। इंस्पेक्टर रमेश सिंह तनवार ने बताया आग पर काबू पा लिया गया था। आग लगने से कोई जनहानि नहीं है।