कार से टकराकर नीचे गिरे झपटमार, एक दबोचा
हरिद्वार । कनखल क्षेत्र में सरेराह एक महिला से मोबाइल फोन झपटकर भाग रहे आरोपियेां की बाइक एक कार से जा टकराई। दुर्घटना के बाद नीचे जा गिरे एक आरोपी को भीड़ ने पकड़ लिया। जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा। भीड़ ने हत्थे चढ़े आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है।
घटना सोमवार देर शाम को घटित हुई। क्षेत्र के मोहल्ला चाकलान में मदन सिंह अपने परिवार के साथ रहते है। उनकी पत्नी कामिनी सामान लेने के लिए बाजार जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने हाथ पर झपटटा मारकर मोबाइल फोन झपट लिया। महिला के शोर मचा देने पर फरार हो रहे बाइक सवार झपटमार एक कार से जा टकराए। इस दौरान भीड़ ने एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी का नाम अमित निवासी दुर्गागढ पथरी है। जबकि उसके साथी की तलाश की जा रही है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

