HARIDWAR

तीर्थ पुरोहित के घर से लाखों की चोरी

हरिद्वार । ज्वालापुर क्षेत्र में एक तीर्थ पुरोहित के घर चार लाख से अधिक की रकम चोरी हुई है। पीड़ित ने एक महिला पर चोरी करने का संदेह व्यक्त करते हुए कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया है। क्षेत्र के मोहल्ला नीलखुदाना में तीर्थ पुरोहित कौशल सिखौला रहते हैं। उनका पुत्र शहर से बाहर रहता है। बताया कि उनके घर में करीब 4.20 लाख की रकम और आभूषण रखे हुए थे। जो चोरी हुए हैं।
बताया कि कुछ दिन पूर्व पड़ोस की रहने वाली एक महिला ने उनसे कुछ रकम उधार मांगी थी। महिला ने बताया था कि उसे भूखंड खरीदने के लिए रकम की आवश्यकता है। लेकिन उन्होंने रकम देने से इंकार कर दिया था। बताया कि अगले दिन गैराज से स्कूटर लेने के लिए पहुंचे गए। उन्होंने अपनी पत्नी को गैराज को लॉक करने के लिए बुलाया था। इसी दौरान घर में घुसकर डबल बेड की दराज में रखी रकम एवं जेवरात चोरी कर लिए गए। उनकी पत्नी जब वापस लौटकर आई तब सारा सामान बिखरा हुआ देखकर हक्की बक्की रह गई। दराज से नकदी एवं जेवरात गायब थे। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।