साध्वी सुनहरी माता को श्रद्धांजलि दी
हरिद्वार।
सुनहरी आश्रम की संस्थापिका ब्रह्मलीन साध्वी सुनहरी माता की षोड्शी पर संत समाज ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। आश्रम में आयोजित श्रद्धाजंलि सभा में महामंडलेश्वर हरिचेतनानंद ने कहा कि सुनहरी माता त्याग, तपस्या और सरलता की प्रतिमूर्ति थीं। जो गरीबदासी सम्प्रदाय की प्रतिष्ठित संत होने के साथ-साथ धर्म मर्मज्ञ भी थीं। जिन्होंने अपना सारा जीवन धर्म के प्रचार और संस्था के संवर्धन में व्यतीत किया। पूर्व नगर पालिका चेयरमैन सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि सुनहरी माता का जीवन धर्म और सेवा को समर्पित रहा। नगर निगम में भाजपा पार्षद दल के उपनेता अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि वे सरलता और स्नेह की प्रतिमूर्ति थीं। इस अवसर पर महंत राम मुनि, महंत दुर्गादास, महंत सुमित दास, आचार्य हरिहरानंद, महंत रविदेव शास्त्री, महंत दिनेश दास, मोहित प्रजापति, अमित गुप्ता, सूर्यकान्त शर्मा आदि शामिल रहे।

