HARIDWARUTTARAKHAND

अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहींः चौधरी

हरिद्वार

प्रदेश व्यापार मण्डल की एक बैठक हरिद्वार महानगर कार्यालय पर आहूत की गई। बैठक में प्रशासन से माँग की गई हैं कि उनके अतिक्रमण अभियान जोकि कनखल हरिद्वार या अन्य स्थानो पर चल रहा है। उसमें व्यापारियों का उत्पीड़न ना किया जाए, अन्यथा व्यापार मण्डल आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा। बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि हम गलत तरीके से किए गए किसी भी कार्य का विरोध करते है पर अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का शोषण भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन बार-बार अतिक्रमण के नाम पर कार्यवाही करता है तो जब ये अतिक्रमण होता है उस समय प्रशासन कहा होता है। सरकारी या गैरसरकारी किसी भी प्रकार के अतिक्रमण एक दम नहीं होते है, ऐसे में प्रशासन को एक टीम बना कर कार्यवाही तत्काल करनी चाहिए। श्री चौधरी ने कहा कि व्यापारी कभी अतिक्रमण नहीं करता है पर अतिक्रमण अभियान की भेंट व्यापारी ही चढ़ता है, हम सब व्यापारी के सम्मान और स्वाभिमान के साथ खड़े है। अवैध रूप से कब्जे हटने चाहिए, पर किसी के साथ अन्याय भी नहीं होना चाहिए। प्रदेश व्यापार मण्डल व्यापारी के हितो मे कोई समझोता नहीं होने देगा। बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री सुमित अरोरा व प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र चोटाला ने कहा कि कभी प्लास्टिक के नाम पर कभी अतिक्रमण के नाम पर कभी जीएसटी के नाम पर ही व्यापारियों को ही क्यों परेशान किया जाता है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश व्यापार मण्डल व्यापारी का शोषण नहीं होने देगा, कुछ लोग पहले अधिकारियों व नेताओ की चाटुकारिता के चक्कर मे व्यापारी के हितों को गिरवी रख देते थे, पर अब प्रदेश व्यापार मण्डल किसी कीमत पर ऐसा नहीं होने देगा। महानगर अध्यक्ष सर्वेश्वरमूर्ति भट्ट व शहर महामंत्री विमल सक्सेना ने कहा कि हमारा व्यापार मण्डल किसी भी गलत काम के साथ नहीं खड़ा है पर अतिक्रमण के नाम पर यदि व्यापारी का उत्पीड़न किया गया तो प्रदेश व्यापार मण्डल पीछे नहीं हटेगा, अगर आंदोलन करना पड़ा, तो भी हम किसी भी स्तर के आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे, हर बार अतिक्रमण का नाम ले कर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जाता है और जो सच में अतिक्रमण किया हुआ है। जिसके लिए अनेक बार व्यापार मण्डल ने लिख कर भी दिया है, वो आज तक हटाया नहीं गया है पर अब किसी भी दबाव मे व्यापारियों का शोषण होने नहीं दिया जाएगा।