प्रेरणादायी था पूर्व विधायक अंबरीष कुमार का जीवन: अशोक अग्रवाल
हरिद्वार
श्री वैश्य बंधु समाज मध्य क्षेत्र हरिद्वार के पदाधिकारियों व सदस्यों ने शोकसभा का आयोजन कर दिवंगत पूर्व विधायक अंबरीष कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पुराना रानीपुर मोड़ स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित शोक सभा के दौरान संस्थापक अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा कि पूर्व विधायक अंबरीष कुमार राजनीति को सेवा का माध्यम मानते थे। उन्होंने मजदूरों, किसानों की समस्याओं को लेकर सदैव संघर्ष किया। सामाजिक संगठनों में भी उनकी सक्रियता बनी रहती थी। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्होंने हमेशा ही समाज उत्थान में अपना योगदान दिया। उनके जीवन से युवाओ को प्रेरणा लेनी चाहिए। श्री वैश्य बंधु समाज मांग करता है कि धर्मनगरी में उनकी स्मृति में सडक़, चौक या किसी गंगा घाट का नाम उनके नाम पर रखा जाए। विजय मोदी व अरविन्द अग्रवाल ने कहा कि हमेशा से ही समाज के वंचित तबके की मदद करने में उनकी जितनी भी प्रशंसा की जाए। उतना कम है। शासन प्रशासन में भी पूर्व विधायक अंबरीष कुमार अच्छी पकड़ रखते थे। राज्य के मुद्दों को हमेशा ही उनके द्वारा उठाया जाता था। उनके जीवन से राजनैतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं को सीख लेनी चाहिए। बिना भेदभाव के सभी वर्गो के सहयोग में उनका योगदान हमेशा अनुकरणीय रहा। उनके निधन से वैश्य समाज को गहरा आघात लगा है। इस अवसर पर महावीर मित्तल, जय भगवान गुप्ता, विनित अग्रवाल, डा.अजय, संजय अग्रवाल, आशीष गुप्ता, रविन्द्र गुप्ता, राजीव गुप्ता, सुमित गोयल, योगेश अग्रवाल आदि सहित कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

