पुलिस ने अपहृत बच्चे को यूपी के देवबंद से किया सकुशल बरामद
हरिद्वार
कुछ दिन पूर्व ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के कड़च मोहल्ले से आठ माह के बच्चे का अपहरण किया गया था जिसका हरिद्वार पुलिस द्वारा कुछ घंटों में ही खुलासा किया गया। पुलिस ने बच्चों को सकुशल बरामद कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस को आज एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र के रोड़ीबेलवाला से एक छः साल के बच्चे का अपहरण हुआ था जिसको आज पुलिस ने उत्तर प्रदेश के देवबंद से सकुशल बरामद किया है, मगर इस मामले में कोई भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ। पुलिस द्वारा बच्चे से पूछताछ कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात की जा रही है। हरिद्वार एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से 09 तारीख को छः साल का बच्चा अपने घर से लापता हो गया था मगर परिजन द्वारा इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी मगर 10 तारीख को इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस द्वारा परिजनों की तलाश की गई और 11 तारीख को इस मामले में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया। मेरे द्वारा इस मामले में एक टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा अन्य राज्यों में बच्चे की तलाश की गई। पुलिस द्वारा इस मामले में की जा रही कार्रवाई के बाद अपहरणकर्ता बच्चे को उत्तर प्रदेश के देवबंद में छोड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा बच्चों को सकुशल बरामद किया गया है। एसएसपी का कहना है कि बच्चा अभी छोटा है और सहमा हुआ है हमारे द्वारा बच्चों को परिजन को सुपुत्र किया गया है और पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमें पता चला है कि कोई गैंग है जो बच्चों के अपहरण की घटनाएं हरिद्वार में कर रहा है क्योंकि इस मामले में दो व्यक्तियों द्वारा बाइक पर बच्चे का अपहरण किया गया था। इस मामले में अभी कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। बच्चे से पूछताछ कर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। बता दें धर्म नगरी हरिद्वार में बच्चों को अपहरण करने की लगातार घटनाएं बढ़ रही हैं। एक हफ्ते के अंदर दो बच्चों के अपहरण की घटना ने हरिद्वार को दहला दिया है। इस मामले में पुलिस द्वारा कोई भी आरोपी गिरफ्तार नहीं किया गया है। अब देखना होगा पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजती है मगर एक खुशी की बात यही है कि पुलिस ने इस मामले में भी बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है।

