एनएसयूआई प्रत्याशियों का मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा: आरिफ
ऋषिकेश
डोईवाला में छात्रसंघ चुनाव को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। एनएसयूआई ने अभाविप और भाजपा नेताओं पर संगठन के प्रत्याशियों के मानसिक उत्पीड़न और नाम वापसी का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। राजकीय महाविद्यालय डोईवाला में 24 दिसंबर को छात्रसंघ चुनाव होने हैं। एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरिफ अली ने कहा कि पूर्व में एनएसयूआई ने विनय ठाकुर को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया था, लेकिन अभाविप और भाजपा नेताओं के दबाव में आकर विनय ठाकुर ने एनएसयूआई से बागवत कर अभाविप के प्रत्याशी के तौर पर विवि प्रतिनिधि पद पर नामांकन किया और निर्विरोध रहे। अब एनएसयूआई के सह सचिव उम्मीदवार मनप्रीत कौर के घर एबीवीपी नेता डेरा डाले हैं और उनके परिवार पर नाम वापसी के लिए दबाव बना रहे हैं। मानसिक तौर पर उत्पीड़न किया जा रहा है। उधर, मनप्रीत कौर ने कहा कि वह एनएसयूआई से चुनाव लड़ना चाहती हैं। क्योंकि एनएसयूआई की कार्य प्रणाली उन्हें पसंद है। लेकिन एबीवीपी के नेताओं द्वारा उन पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है और नाम वापसी की बात कही जा रही और जब वे नहीं मानी तो उनके परिजनों पर दबाव बनाया जा रहा है।

