HARIDWARUTTARAKHAND

नहाने गया होटल कर्मी गंगा में डूबा

ऋषिकेश

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित नीम बीच साईं घाट पर नहाते समय एक होटल कर्मचारी पानी के तेज बहाव में आकर गंगा में डूब गया। सूचना पर एसडीआरफ की टीम ने गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन, पानी में लापता व्यक्ति का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस के मुताबिक बुधवार दोपहर एक व्यक्ति नीम बीच साईं घाट पर नहा रहा था। तैरते हुए गंगा में कुछ आगे की ओर बढ़ा तभी तेज बहाव में आकर बहने लगा। जब तक आसपास के लोग उसे बचाते वह गहरे पानी में ओझल हो गया। सूचना पाकर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और आपदा उपकरण के साथ गंगा में तलाश अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम ने राफ्ट के माध्यम से तपोवन से लेकर जानकी सेतु तक नदी में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि गंगा में लापता व्यक्ति की पहचान उसके कपड़ों से मिले आधार कार्ड के आधार पर सुनील सैनी (25) पुत्र सुरेश सैनी निवासी मीनाक्षीपुरम, मेरठ, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। बताया कि वह तपोवन के पास ही एक होटल में काम करता था। होटल प्रबंधन को सूचित कर दिया गया है।