भाजपा ग्रामीण मंडल कार्य समिति की बैठक
विकासनगर
विकासनगर ग्रामीण मंडल कार्य समिति की बैठक बुधवार को कोतवाली रोड स्थित वेडिंग प्वाइंट में संपन्न हुई। दूसरी ओर सहसपुर मंडल कार्य समिति की बैठक रजौली में आयोजित की गई। दोनों की बैठक में कार्यकर्ताओं ने आगामी विधान सभा चुनाव तैयारियों पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ मंथन किया। विकासनगर ग्रामीण मंडल की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को विधान सभा चुनाव में जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए बूथ को मजबूत किया जाना जरूरी है। विधायक मुन्ना चौहान ने कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है, जिसमें कोई भी बैठना नहीं चाहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने की सलाह दी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष अनुज गुलेरिया, अरुण मित्तल, घनश्याम नेगी, मोहित शर्मा आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर भाजपा सहसपुर मंडल की बैठक रजौली में संपन्न हुई। भाजपा प्रदेश मंत्री नीरू देवी ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि सहसपुर सीट पर लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रचा जाएगा। विधायक सहदेव पुंडीर ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कराए गए कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष नवीन रावत, संजय नौटियाल, मंजू नेगी, नवीन रावत, शरद रावत आदि मौजूद रहे।

