HARIDWARUTTARAKHAND

पतंजलि योगपीठ में मरीज ने तीसरी मंजिल कूदकर की आत्महत्या

हरिद्वार

दिमागी बीमारी का इलाज कराने पहुंचे कासगंज यूपी के एक मरीज ने बाबा रामदेव के वेलनेस सेंटर की तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। मृतक का लंबे समय से दिमागी बीमारी का इलाज चल रहा था। योगपीठ कैंपस में हुई आत्महत्या से अफरा तफरी का माहौल बना रहा। आनन फानन में पहुंची बहादराबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  घटना सुबह छह बजे के बाद की है। पतंजलि योगपीठ के सिक्योरिटी अधिकारी सुभाष वर्मा ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी कि उनके यहां वेलनेस सेंटर में ठहरे एक मरीज ने तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है।  सूचना मिलने पर तुरंत एसओ नितेश शर्मा मौके पर पहुंच गए। सामने आया कि गुरुवार को अपनी पत्नी के साथ वेलनेस सेंटर पहुंचे राजीव कुमार 42 पुत्र जगदीश चंद्र निवासी थाना रोड गंजडुडवारा कासगंज यूपी ने सुबह के वक्त तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना जब घटी तब उसकी पत्नी कमरे में ही मौजूद थी।  एसओ ने बताया कि मृतक का लंबे समय से दिमागी संबंधी बीमारी का इलाज चल रहा था और गुरुवार की रात को भी उसने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी लेकिन उसकी पत्नी ने जैसे तैसे संभाल लिया था। बताया कि सीसीटीवी फुटैज में मृतक दिखाई दे रहा है। जहां से कूदकर उसने आत्महत्या की है, उस जगह कैमरे नहीं लगे हैं। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूर्व में भी मृतक यहां इलाज कराने के लिए आ चुका है।