HARIDWAR

होटल कारोबारी पर हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। होटल कारोबारी एवं उसके जीजा पर कातिलाना हमला करने के आरोप में फरार चल रहे तीन आरोपियों को शहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पिछले माह 23 दिसंबर को होटल शिवमूर्ति ग्रांड में घुसकर होटल मैनेजर पवन ठाकुर को एक युवक अभिषेक राणा निवासी ब्रह्मपुरी ने घुसकर गाली गलौज करते हुए धमकी दी थी। आरोप था कि कुछ देर बार अभिषेक राणा अपने साथियों के साथ लाठी डंडों से लैस होकर पहुंचा था। विरोध करने पर हमलावरों ने बीच बचाव में आए होटल स्वामी हेमंत बडगोती एवं उसके जीजा चेतन मान पर हमला बोल दिया था। हमले में बुरी तरह घायल होटल स्वामी को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। इधर, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा की बढोतरी की थी। कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला ने बताया कि कातिलाना हमले में शामिल रहे करन खत्री उर्फ राजे पुत्र चंद्रभान उर्फ राजू निवासी मिश्रा गली ब्रह्मपुरी, अमित पुत्र जलन्द्र निवासी शिव डेरी वाली गली ब्रहमपुरी एवं नवनीत शर्मा उर्फ लाला पुत्र दाउदयाल शर्मा निवासी शिव कुटिया ब्रह्मपुरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।