UTTARAKHAND

बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल और सीवर लाइन की मांग

हरिद्वार।

बहादराबाद इंडस्ट्रियल एरिया में पानी की सप्लाई और सीवरेज पाइप लाइन न होने से उद्योगपतियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इंडस्ट्रियल एरिया में लगभग तीन दशक पहले लगा ओवरहेड टैंक भी सिडकुल की गंगा नगरी में स्थानांतरित कर दिया गया था। उद्योगपति इस प्रकरण में मुख्यमंत्री से भी मिल चुके हैं। बावजूद इसके कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी है। बहादराबाद इंडस्ट्रियल डेवलेपमेन्ट वेलफेयर एसोसिएशन का कहना है कि बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में जल आपूर्ति के लिए कोई पेयजल योजना नहीं बनाई गई है। उद्यमियों ने पानी की पूर्ति को बोरिंग कराई हुई हैं। ऐसे में यदि किसी की बोरिंग खराब हो जाती है तो उसके सामने पानी की भीषण समस्या हो जाती हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष साधु राम सैनी का कहना है कि बहादराबाद इंडस्ट्रियल एरिया में दो सौ से ज्यादा इंडस्ट्रीज है। यहां पानी और सीवरेज की के लिए उद्यमियों ने दर्जनों मांग पत्र शासन प्रशासन को सौंपे। लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। उद्यमी आत्मा राम सिंह सैनी ने बताया कि 1985 में स्थापित हुए औद्योगिक क्षेत्र बहादराबाद में पैंतीस साल बाद भी पेयजल और सीवर लाइन नहीं है। एसोसिएशन उपाध्यक्ष सुनील पांडेय का कहना है कि बीती 13 जुलाई में उद्योग मित्र की बैठक में एसोसिएशन के द्वारा औद्योगिक क्षेत्र बहादराबाद में पेयजल सप्लाई व सीवरेज के संबंध में जिलाधिकारी को पत्र दिया था। डीएम के आश्वासन के बाद भी उद्यमियों की समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है। हालत यह है कि बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित पार्क में हरेला के दौरान लगवाए गए पेड़-पौधे भी सूखते जा रहे हैं।